
कलेक्टर ने स्कूल में स्वयं पढ़ाया इतिहास, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
Posted on 31 जुलाई 2026
Listen News
Audio Summary
झालावाड़ में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुर्गपुरा और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओल्ड ब्लॉक झालावाड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं, विद्यालय प्रबंधन, स्वच्छता और खेल मैदान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण में मिली खामियां, जताई नाराजगी
ओल्ड ब्लॉक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में अपेक्षित सफाई व्यवस्था नहीं होने, विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित संस्था प्रधानों को विद्यालयों में तत्काल प्रभाव से व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वयं ली इतिहास की क्लास
पीएमश्री स्कूल दुर्गपुरा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एक अनूठी पहल करते हुए कक्षा 12वीं के इतिहास कालांश में पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान का परीक्षण किया। इसके बाद, लगभग 30 मिनट तक स्वयं विद्यार्थियों को इतिहास का पाठ पढ़ाया। उन्होंने झालावाड़ जिले के गौरवशाली इतिहास और विश्व प्रसिद्ध गागरोन दुर्ग के इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे विद्यार्थियों को जिले की ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिला।
किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर जीवन से जोड़ें इतिहास
इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे एक रुचिकर विषय के रूप में समझना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अध्ययन का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अर्जित ज्ञान को जीवन से जोड़कर उसका व्यावहारिक उपयोग करना भी होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें विषय को सरल, रोचक एवं व्यवहारिक तरीके से पढ़ाना चाहिए ताकि विद्यार्थियों में सीखने की रुचि स्वाभाविक रूप से विकसित हो सके।
संस्था प्रधानों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने संस्था प्रधानों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं, खेल मैदान तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधार करने पर बल दिया।
📲 खबर पसंद आई?
अपने दोस्तों के साथ शेयर करें!

Written & Verified By
AbhishekChief Editor
नागौर के युवा पत्रकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ। अभिषेक जी को ग्रामीण विकास और स्थानीय समस्याओं के सटीक विश्लेषण का गहरा अनुभव है।