
प्रतिबंध के बावजूद नागौर में धड़ल्ले से बिक रहीं एनर्जी ड्रिंक्स, कार्रवाई पर सवाल
Listen News
Audio Summary
राजस्थान सरकार और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिन एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है, उनकी नागौर जिले में खुलेआम बिक्री जारी है। प्रदेशभर में लगातार छापेमारी और जब्त करने की कार्रवाई हो रही है, लेकिन नागौर जिले में अब तक किसी भी बड़ी कार्रवाई के अभाव में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं। विभाग के अधिकारी अब तक किसी भी गोदाम तक पहुंचने में नाकाम रहे हैं। विभाग का यह दावा कि आदेश जारी होने के बाद गोदाम संचालकों ने माल हटा लिया, बाजार में जारी बिक्री से पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है।
प्रतिबंध का खुला उल्लंघन, बाजार में सक्रिय सप्लाई
शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गांधी चौक, मानसर चौराहा, व्यास कॉलोनी, सूफी साहब की दरगाह क्षेत्र, माही दरवाजा, नया दरवाजा सहित विभिन्न प्रमुख बाजारों में प्रतिबंधित एनर्जी ड्रिंक्स की खरीद-फरोख्त बिना किसी भय के जारी है। दुकानदार बेखौफ होकर इन उत्पादों को बेच रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग अब तक मौन धारण किए हुए है। यह स्थिति खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रति लापरवाही को दर्शाती है।
गोदामों से दुकानों तक माल की सप्लाई जारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी इन प्रतिबंधित उत्पादों को गोदामों से लगातार बाजारों में सप्लाई कर रहे हैं। कार्रवाई के अभाव का फायदा उठाते हुए कारोबारी अपने स्टॉक को तेजी से खपाने में लगे हुए हैं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है और अब तक किसी भी गोदाम पर छापा क्यों नहीं मारा गया है।
सीएमएचओ का आश्वासन: जल्द चलेगा विशेष अभियान
मामले में कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) राजेश पारासर ने बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण किए गए हैं। मुंडवा में खाद्य तेल से संबंधित एक मामले में टीम के व्यस्त होने के कारण पूर्व में अभियान शुरू नहीं किया जा सका था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पूरे जिले में इन प्रतिबंधित एनर्जी ड्रिंक्स की सैंपलिंग और जांच की जाएगी। यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंधित उत्पाद बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
📲 खबर पसंद आई?
अपने दोस्तों के साथ शेयर करें!

Written & Verified By
AbhishekChief Editor
नागौर के युवा पत्रकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ। अभिषेक जी को ग्रामीण विकास और स्थानीय समस्याओं के सटीक विश्लेषण का गहरा अनुभव है।